बीकानेर: घर में फंदे पर लटका मिला 18 वर्षीय युवक, पुलिस ने शुरू की जांच
बीकानेर: गंगाशहर थाना क्षेत्र के भीनासर स्थित नायकों के मोहल्ले में 18 वर्षीय युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार भीनासर निवासी मनोज कुमार नायक पुत्र भंवरलाल नायक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा घनश्याम उर्फ राहुल पुत्र अशोक कुमार नायक शनिवार दोपहर घर के एक कमरे में पंखे के हुक से रस्सी का फंदा लगाकर लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
गंगाशहर थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर अन्य सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है।




