80 वर्षीय किसान ने जमीन हड़पने का लगाया आरोप, 9.22 लाख के बैनामे में धोखाधड़ी की शिकायत

17 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

80 वर्षीय किसान ने जमीन हड़पने का लगाया आरोप, 9.22 लाख के बैनामे में धोखाधड़ी की शिकायत

छतरगढ़। राजासर भाटियान निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग किसान ने अपनी कृषि भूमि हड़पने के प्रयास और जमीन के सौदे में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक बीकानेर को शिकायत दी है। एसपी कार्यालय से डाक के जरिए प्राप्त शिकायत के आधार पर छतरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

7.5870 हेक्टेयर भूमि पर विवाद

रिपोर्ट के अनुसार परिवादी रावल खां पुत्र हाजी खां, निवासी राजासर भाटियान के नाम खसरा नंबर 76/1178 की 7.5870 भूमि खातेदारी दर्ज है। परिवादी का आरोप है कि उसकी पुत्रवधू कम्मा पत्नी भीखे खां, भीखे खां पुत्र रावल खां, मिश्री खां, मुनाफ खां और मकबूल खां पुत्रगण भीखे खां सहित कुछ अन्य लोगों ने मिलकर उसकी कृषि भूमि को हड़पने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचा।

9 लाख 22 हजार का बैनामा, रकम नहीं मिलने का आरोप

परिवादी के अनुसार उसकी कृषि भूमि की पश्चिम दिशा की भूमि का 21 जुलाई को उप पंजीयक कार्यालय छतरगढ़ में बैनामा पंजीबद्ध करवाया गया। बैनामे में 9 लाख 22 हजार रुपए प्रतिफल राशि दर्शाई गई, लेकिन बुजुर्ग का आरोप है कि उसे यह रकम प्राप्त नहीं हुई।

शिकायत में बैंक खाते में 6 लाख 90 हजार रुपए के भुगतान की एंट्री का भी उल्लेख किया गया है। परिवादी का कहना है कि यह राशि 24 जून को खाते में जमा हुई और 27 जून को निकाल ली गई, लेकिन उसे इस रकम की जानकारी या राशि प्राप्त नहीं हुई।

बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि बैंक खाते में रकम की एंट्री दिखाकर जमीन का बैनामा करवाया गया। उन्होंने मामले की जांच के लिए बैंक के CCTV फुटेज और लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच करवाने की मांग की है।

पहले भी जमीन को लेकर चल चुके हैं मुकदमे

शिकायत में बताया गया कि कृषि भूमि को लेकर पूर्व में उपखंड अधिकारी छतरगढ़ के समक्ष मुकदमे चले थे, जिनमें से कुछ मामले खारिज हो चुके हैं। परिवादी का आरोप है कि आरोपी पक्ष पिछले कई वर्षों से उसकी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है और उसे कृषि भूमि से दूर रखा गया है।

जमीन खाली करने की धमकी देने का आरोप

परिवादी के अनुसार कुछ दिन पहले आरोपी पक्ष मौके पर आया और उसे जमीन खाली करने के लिए धमकाया। आरोप है कि उससे कहा गया कि जमीन उनके नाम हो गई है और जमीन खाली नहीं करने पर उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया जाएगा। इसके बाद परिवादी को जमीन के दस्तावेजों की स्थिति की जानकारी हुई।

एसपी कार्यालय में दी शिकायत

छतरगढ़ थाने में मदद नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए परिवादी ने एसपी कार्यालय में शिकायत पेश की। उसने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और स्वयं की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई राजेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस मामले में दस्तावेजों, बैंक लेन-देन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Share: