19 वर्षीय युवती लापता, रात में बिना बताए घर से निकली; पुलिस तलाश में जुटी

17 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

जसरासर से 19 वर्षीय युवती लापता, रात में बिना बताए घर से निकली; पुलिस तलाश में जुटी

जसरासर। जसरासर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती 15 सितंबर की रात घर पर थी, लेकिन रात के दौरान बिना किसी को बताए घर से निकल गई। परिजनों को जब वह घर पर नहीं मिली तो आसपास, रिश्तेदारी और संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

बैंगनी फूलों वाला पायजामा पहना था

परिजनों के अनुसार लापता युवती की उम्र करीब 19 वर्ष है और उसका कद करीब 5 फीट 5 इंच है। घर से निकलते समय उसने बैंगनी रंग का फूलों वाला पायजामा पहन रखा था। रिपोर्ट में उसके पास वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन होने की जानकारी भी दी गई है।

बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका

युवती के पिता ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि बेटी के अचानक बिना बताए घर से चले जाने के बाद परिवार चिंतित है। उन्होंने आशंका जताई है कि युवती स्वेच्छा से कहीं गई हो सकती है अथवा किसी व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर, दबाव या अन्य परिस्थिति में ले जाया गया हो सकता है। हालांकि इस संबंध में परिवार के पास कोई निश्चित जानकारी नहीं है।

परिजनों ने पुलिस से सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए युवती की तलाश और मामले की जांच करने की मांग की है।

दो माह पहले हुई चोरी का भी रिपोर्ट में जिक्र

रिपोर्ट में करीब दो माह पहले घर से लाखों रुपए कीमत के सोने के आभूषण चोरी होने की घटना का भी उल्लेख किया गया है। परिवादी ने दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है। हालांकि पुलिस से इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच करने की मांग की गई है।

मोबाइल और CCTV से तलाश की मांग

परिजनों ने युवती की तलाश के लिए मोबाइल तकनीकी जानकारी जुटाने, CCTV फुटेज खंगालने तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित स्थानों पर तलाश करवाने की मांग की है। साथ ही युवती के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ करने का अनुरोध किया गया है।

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले का अनुसंधान एएसआई सेवाराम के सुपुर्द किया गया है। पुलिस युवती की तलाश में जुटी हुई है।

Share: