बीकानेर में पानी की डिग्गी में गिरने से 8 वर्षीय मासूम की मौत, बहन की बची जान
बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र में खेलते-खेलते खेत में बनी पानी की डिग्गी में गिरने से एक 8 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन को परिजनों ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
पुलिस के अनुसार यह हादसा 14 जुलाई को पंजाबी ढाबा के पीछे स्थित एक खेत में हुआ। मृतक बच्ची की पहचान खुशी (8) पुत्री कालुराम नायक, निवासी लूणकरणसर के रूप में हुई है।
मृतका के पिता कालुराम नायक ने मर्ग रिपोर्ट में बताया कि उनकी दो बेटियां और एक बेटा है। खेत में बनी पानी की डिग्गी के पास उनकी दोनों बेटियां पिंकी और खुशी खेल रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चियां डिग्गी में गिर गईं।
परिजनों ने तुरंत बड़ी बेटी पिंकी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन छोटी बेटी खुशी को बाहर निकालने में देर हो गई। गंभीर हालत में उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई।
बीछवाल थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




