बीकानेर के होटल में ठहरे चूरू के युवक की अचानक तबीयत बिगड़ी, मौत
बीकानेर। जयपुर रोड स्थित होटल मन्नत रिसॉर्ट में ठहरे चूरू निवासी एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। युवक होटल के कमरे में बेहोशी की हालत में मिला था। परिजन और अन्य लोग उसे पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार चूरू निवासी सुरेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दी कि उसका भतीजा दिग्विजय सिंह काम के सिलसिले में बीकानेर आया था और जयपुर रोड स्थित होटल मन्नत में ठहरा हुआ था। 18 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:45 बजे वह होटल के कमरे में सो रहा था। इसी दौरान उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोशी की हालत में हो गया।
पीबीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
इसके बाद विक्रम सिंह राठौड़ सहित अन्य लोग दिग्विजय सिंह को बेहोशी की हालत में पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उसे मृत घोषित कर दिया।
मर्ग दर्ज कर जांच शुरू
घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।




