कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहे परिवार पर कहर! बाइक की टक्कर में 2 की मौत, पीबीएम में मचा हंगामा
बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में भर्ती पिता के जल्द स्वस्थ होने की मन्नत लेकर कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहा एक परिवार रविवार रात दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। हादसे में परिवार के मुखिया सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे ग्रांधी प्याऊ के पास अमर बकरा बाड़े के निकट हुआ। यहां तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे पदयात्रियों को टक्कर मार दी।
हादसे में घनश्याम दास (60) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार रानी बाजार निवासी मिहिर महात्मा ने भी दम तोड़ दिया।
पिता के स्वास्थ्य के लिए जा रहे थे मंदिर
बताया जा रहा है कि पीबीएम अस्पताल के एसएसबी सेंटर में भर्ती श्याम सुंदर उपाध्याय के स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर उनका परिवार पैदल कोडमदेसर भैरव मंदिर जा रहा था।
पदयात्रा में स्वाति (29), महक (22), चिराग (12), फूफा घनश्याम दास और रिश्तेदार सोनू (20) शामिल थे। मंदिर पहुंचने से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले यह हादसा हो गया।
दुर्घटना में स्वाति, महक और सोनू गंभीर घायल हो गए, जबकि चिराग को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को पीबीएम ट्रॉमा सेंटर लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में बढ़ा तनाव
हादसे के बाद पीबीएम अस्पताल में तनाव की स्थिति बन गई। दोनों पक्षों के परिजनों में कहासुनी के बाद माहौल बिगड़ गया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान चिकित्सा स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार की बात सामने आई, जिसके विरोध में रेजीडेंट डॉक्टरों ने सुरक्षा की मांग को लेकर कुछ समय के लिए काम रोक दिया।
पुलिस ने संभाले हालात
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया। अधिकारियों और चिकित्सकों के बीच बातचीत के बाद चिकित्सा सेवाएं फिर से शुरू कर दी गईं।
पुलिस हादसे के कारणों और ट्रॉमा सेंटर में हुए विवाद दोनों मामलों की जांच कर रही है।




