बीकानेर: जिले के कोलायत थाना क्षेत्र के बीछनोक गांव में खेत की बिजाई को लेकर विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला करने के आरोप लगाते हुए अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में बलवीर सिंह पुत्र पोकर सिंह राजपूत की रिपोर्ट पर दर्ज हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, उसके पिता और चाचा खेत में बिजाई करने गए थे, जहां परिवार के ही गणेश सिंह, राजूसिंह और ओमसिंह सहित अन्य लोग पहले से मौजूद थे। आरोप है कि उन्होंने लाठियों, कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर चोटें पहुंचाई, जिसमें एक व्यक्ति का पैर टूट गया तथा उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
वहीं दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई है। परिवादी छैलू सिंह पुत्र ओमसिंह राजपूत ने आरोप लगाया कि उसके चाचा खेत में बिजाई कर रहे थे, तभी बलवीर सिंह, हडमान सिंह, इन्द्र सिंह, प्रेम सिंह और पोकर सिंह सहित अन्य लोगों ने कुल्हाड़ी, फरसा व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसके चाचा के सिर, पीठ और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और वे बेहोश होकर गिर पड़े।
दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।




