बीकानेर पुलिस की त्वरित कार्रवाई - बोलेरो कैंपर चोरी के मामले में 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

06 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। जेएनवीसी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोलेरो कैंपर चोरी की वारदात का महज 12 घंटे में खुलासा कर वाहन सहित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और अभय कमांड सेंटर की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार परिवादी आदेश ने 2 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे चलाना हॉस्पिटल के पास खड़ी उसकी बोलेरो कैंपर (आरजे 07 जीई 7331) अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। रिपोर्ट के आधार पर जेएनवीसी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश, पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ तथा सदर वृत्ताधिकारी शालिनी बजाज के निर्देशन में जेएनवीसी थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा अभय कमांड सेंटर की सहायता से संदिग्ध की पहचान की। इसके साथ ही पूर्व में वाहन चोरी के मामलों में चालानशुदा आरोपियों से भी पूछताछ की गई।

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राधेश्याम पुत्र गुमानाराम नायक (21), निवासी बादनू, थाना जसरासर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बोलेरो कैंपर बरामद कर ली।

पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसका किसी अन्य वाहन चोरी की वारदात से संबंध है या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Share: