बीकानेर में चाकूबाजी: घर में घुसकर युवक पर चाकू से हमला, पत्थरबाजी के बाद इलाके में तनाव
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर के कोटगेट थाना क्षेत्र में चाकूबाजी की वारदात सामने आई है। मुख्य डाकघर के पास वाली गली में आपसी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इस दौरान एक पक्ष के युवक पर घर में घुसकर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना में अकरम उर्फ सोनू घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल ले जाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर अकरम उर्फ सोनू पर चाकू से हमला कर दिया।
मारपीट के बाद हुई पत्थरबाजी
बताया जा रहा है कि चाकूबाजी की घटना के बाद दूसरे पक्ष की ओर से पत्थर फेंके गए। घटना की सूचना मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। वारदात के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पुलिस तैनात, स्थिति तनावपूर्ण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही समाज से जुड़े हैं। आपसी रंजिश को लेकर हुए इस विवाद के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस मौके पर मौजूद है और हालात पर नजर रखे हुए है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई और जांच की जा रही है।







