विदेश भेजने का सपना दिखाकर 6 लाख की ठगी, कोर्ट के आदेश पर जयपुर की वीजा कंपनी के खिलाफ केस दर्ज
बीकानेर। माल्टा में नौकरी और वर्क परमिट दिलाने का झांसा देकर करीब 6 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस कार्रवाई नहीं होने पर परिवादी द्वारा न्यायालय की शरण लेने के बाद जेएनवीसी थाना पुलिस ने जयपुर की एक वीजा सर्विस कंपनी से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जसरासर निवासी एवं वर्तमान में तिलक नगर निवासी मनोज कुमार, जो फर्नीचर कारीगर हैं, ने रिपोर्ट में बताया कि सितंबर 2025 में उन्होंने सोशल मीडिया पर डायमंड वीजा सर्विस, जयपुर का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में यूरोपीय देश माल्टा में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने का दावा किया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार 25 सितंबर 2025 को वह कंपनी के जयपुर स्थित कार्यालय पहुंचे, जहां गोगराज, अजयपाल सिंह और कंपनी संचालक मुकेश जांगू ने माल्टा में नौकरी, वर्क परमिट और वीजा दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि इसके लिए आठ लाख रुपये की मांग की गई और बाद में अलग-अलग समय पर बीकानेर आकर तथा ऑनलाइन और नकद माध्यम से करीब छह लाख रुपये ले लिए गए।
परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस सत्यापन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी करवाईं और ऑफर लेटर भी दिखाया, लेकिन न तो वीजा मिला और न ही उसे माल्टा भेजा गया। मार्च 2026 में रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित रूप से रकम लौटाने से इनकार कर दिया।
मनोज कुमार ने बताया कि पहले उन्होंने जेएनवीसी थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में इस्तगासा दायर किया। न्यायालय के आदेश के बाद जेएनवीसी थाना पुलिस ने गोगराज, अजयपाल सिंह और मुकेश जांगू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रकरण की जांच एएसआई पांचाराम को सौंपी गई है।




