कांस्टेबल के घर लाखों की चोरी, परिवार सोता रहा और चोर ले उड़े 3.20 लाख नकद व जेवर

29 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। जिले के नापासर कस्बे में चोरों ने राजस्थान पुलिस में कार्यरत एक कांस्टेबल के पुश्तैनी घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के समय परिवार के सदस्य घर में ही सो रहे थे, लेकिन चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और ₹3.20 लाख नकदी लेकर फरार हो गए।

आईजी कार्यालय में तैनात हैं कांस्टेबल

परिवादी श्रीकिशन गोदारा ने नापासर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बीकानेर स्थित आईजी कार्यालय में पदस्थापित हैं। घटना के समय वह किसी कार्य से श्रीडूंगरगढ़ गए हुए थे। घर में उनकी मां, बड़ा भाई, भाभी और बच्चे मौजूद थे।

परिवार सोता रहा, चोरों ने कमरे की कुंडी बाहर से लगा दी

रिपोर्ट के अनुसार, रात को भोजन के बाद भाई-भाभी और बच्चे छत पर सो गए, जबकि मां नीचे कमरे में थीं। मंगलवार सुबह करीब चार बजे मां ने दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज लगाई। परिजनों ने देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी।

इसके बाद घर की जांच करने पर पास वाले कमरे से दो बड़ी और एक छोटी संदूक गायब मिलीं। अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था।

बाड़े में मिली खाली संदूक, जेवर और नकदी गायब

परिजनों ने आसपास तलाश की तो घर के पीछे खाली बाड़े में दो संदूक खुली हुई मिलीं, जबकि एक छोटी संदूक घर के सामने खाली बाड़े में पड़ी थी। चोर संदूकों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और ₹3.20 लाख नकद चोरी कर ले गए।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर नापासर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है।

Share: