राजस्थान विधानसभा के 75वा अमृत महोत्सव समारोह - सात बार विधायक रहे देवीसिंह भाटी का होगा सम्मान

15 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

देवीसिंह भाटी को मिलेगा बड़ा सम्मान, उपराष्ट्रपति करेंगे सम्मानित

कोलायत. राजस्थान विधानसभा के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले समारोह में सात बार विधायक रहे पूर्व सिंचाई मंत्री देवीसिंह भाटी को वरिष्ठ विधायी सदस्य के रूप में सम्मानित किया जाएगा। समारोह के समापन अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति वरिष्ठ विधायकों को सम्मानित करेंगे।

अमृत महोत्सव के उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि होंगे, जबकि राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह आयोजन राजस्थान विधानसभा की 75 वर्षों की लोकतांत्रिक एवं संसदीय यात्रा को समर्पित है।

कार्यक्रम में वर्तमान एवं पूर्व विधायकों का विशेष समागम होगा। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और जनप्रतिनिधियों के योगदान को सम्मानित किया जाएगा।

पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी प्रदेश के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों में शामिल हैं। सात बार विधायक रहने के दौरान उन्होंने विधानसभा में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके लंबे विधायी अनुभव को देखते हुए उन्हें वरिष्ठ विधायक के रूप में सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वे समसामयिक विषयों पर अपने विचार भी व्यक्त करेंगे।

यह सम्मान कोलायत विधानसभा क्षेत्र और बीकानेर जिले के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा अपनी स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में अमृत महोत्सव का आयोजन कर रही है, जिसे राज्य के संसदीय इतिहास का महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

Share: