Bikaner News: बीकानेर जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने कई लोगों पर उसकी झोपड़ी में आग लगाने और जान से मारने की नीयत से हमला करने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार करणीसर निवासी सरोज कंवर पत्नी हनुमान सिंह राजपूत, हाल निवासी हाडला भाटियान, तहसील कोलायत ने मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने बताया कि उसका और आरोपियों के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस संबंध में न्यायालय में मुकदमा भी विचाराधीन है।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि करीब पांच माह पहले आरोपियों ने उसे नुकसान पहुंचाने की नीयत से उसकी झोपड़ी में आग लगा दी। घटना के बाद से परिवार भय के माहौल में जी रहा है। परिवादिया का कहना है कि आरोपियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है और उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
मामले में नारायण सिंह पुत्र किशन सिंह, प्रभात सिंह पुत्र नारायण सिंह, विक्रम सिंह पुत्र नारायण सिंह, कालू सिंह पुत्र नारायण सिंह तथा वीरेंद्र सिंह पुत्र नारायण सिंह को नामजद किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




