Bikaner News: गैंगस्टर रोहित गोदारा के पिता के मकान पर रात में चला JCB, पुलिस ने शुरू की जांच
बीकानेर. लूणकरणसर थाना क्षेत्र के 1 बीएचएम गांव में सोमवार देर रात अज्ञात लोगों द्वारा एक मकान पर जेसीबी चलाकर उसे क्षतिग्रस्त करने का मामला सामने आया है। जिस मकान को निशाना बनाया गया, वह संतदास स्वामी का बताया जा रहा है, जो गैंगस्टर रोहित गोदारा के पिता हैं। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
देर रात जेसीबी से तोड़ा मकान
जानकारी के अनुसार घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था। देर रात अज्ञात लोग जेसीबी लेकर पहुंचे और मकान के कई हिस्सों को क्षतिग्रस्त कर मौके से फरार हो गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सीसीटीवी का डीवीआर कब्जे में
सूचना मिलने पर लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार डीवीआर फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।




