बीकानेर को मिलेगी 300 बेड की बड़ी सौगात? CM से हुई अहम मुलाकात, अब फैसले का इंतजार

02 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में 300 बेड का अपनाघर आश्रम बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री से मांगी विशेष राहत

बीकानेर। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने जयपुर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर बीकानेर में प्रस्तावित अपनाघर आश्रम के निर्माण को लेकर चर्चा की। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा प्रोत्साहन योजना-2023 के तहत भूमि हस्तांतरण और स्टाम्प ड्यूटी में छूट दिलाने का आग्रह किया।

पचीसिया ने बताया कि भरतपुर के माँ माधुरी बृज वारिस सेवा सदन अपनाघर की तर्ज पर बीकानेर में मनोरोगी, मंदबुद्धि, बीमार, असहाय, बेसहारा और गुमनाम लोगों की सेवा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त आश्रम बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वर्गीय शिशुपाल एवं पलक कामरा परिवार ने इस सेवा कार्य के लिए रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र में अपनी भूमि दान की है। करीब 2000 वर्गमीटर भूमि पर बनने वाले इस आश्रम में 300 से अधिक बिस्तरों की व्यवस्था होगी।

प्रस्तावित आश्रम में भोजनशाला, प्राकृतिक उपचार केंद्र, ध्यान एवं योग केंद्र तथा सत्संग भवन जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वर्तमान में अपनाघर आश्रम की देशभर में 71 शाखाएं संचालित हैं।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान भूमि का औद्योगिक से आवासीय श्रेणी में परिवर्तन, भू-विभाजन तथा स्टाम्प ड्यूटी में छूट दिलाने का अनुरोध किया गया, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

Share: