बीकानेर में NH-62 पर दो ट्रकों की भीषण भिड़ंत: केबिन में फंसा ड्राइवर जिंदा जला, एक ट्रक खाक

29 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में NH-62 पर दो ट्रकों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, ड्राइवर जिंदा जला

बीकानेर। जिले में बीकानेर-लूणकरणसर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-62) पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जामसर थाना क्षेत्र में दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में एक ट्रक चालक की केबिन में फंसने से जिंदा जलकर मौत हो गई।

Advertisement

आग इतनी विकराल थी कि चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। हादसे के बाद दोनों ट्रक बुरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गए। मृत चालक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

रात करीब 1 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा रविवार रात करीब 1 बजे जामसर थाना क्षेत्र में हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और बचाव टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों ट्रकों में लगी आग को बुझाने के लिए काफी देर तक प्रयास किए गए।

एक ड्राइवर की मौत, दो घायल

जामसर पुलिस के ASI रामकेश मीणा ने बताया कि हादसे में एक ट्रक चालक केबिन में ही फंस गया, जिससे उसकी आग में झुलसकर मौत हो गई।

वहीं दूसरे ट्रक का चालक दिनेश बिश्नोई निवासी जयसिंहदेसर मगरा गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य युवक भी घायल मिला, जिसकी पहचान नहीं हो सकी। दोनों घायलों को पहले लूणकरणसर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें बीकानेर के PBM अस्पताल रेफर किया गया।

आग में जल गए दस्तावेज, मृतक की पहचान नहीं

हादसे में एक ट्रक पूरी तरह जल गया, जबकि दूसरे ट्रक को काफी मशक्कत के बाद बचाया गया। मृत चालक के सभी दस्तावेज भी आग में जल जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद रास्ता सुचारु कराया गया।

Advertisement
Share: