बीकानेर में तालाब ने निगला मासूम: नहाने गए 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत, गांव में छाया मातम

28 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में तालाब ने फिर निगला मासूम: नहाने गए 12 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत

बीकानेर। जिले में नहर, तालाब और डिग्गियों में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला देशनोक थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां तालाब में नहाने गए एक मासूम बच्चे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।

घटना पलाना-जेगला रोड स्थित तालाब की है। रविवार को तीन बच्चे तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

भाई ने बचाई जान, चचेरा भाई नहीं बच सका

जानकारी के अनुसार पलाना निवासी सहीराम (12 वर्ष) और प्रमोद (14 वर्ष) नहाते समय अचानक गहरे पानी में चले गए। दोनों को डूबता देख प्रमोद के भाई नवीन ने तुरंत हिम्मत दिखाई और प्रमोद का हाथ खींचकर उसे बाहर निकाल लिया।

लेकिन सहीराम गहरे पानी में चला गया और उसे बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।

एसडीआरएफ ने तीन घंटे चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

बच्चे के तालाब में डूबने की सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल लालचंद के अनुसार सूचना मिलने के बाद टीम दोपहर करीब 12:15 बजे घटनास्थल पर पहुंची।

करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने 12 वर्षीय सहीराम के शव को तालाब से बाहर निकाला।

सीएचसी देशनोक की मोर्चरी में रखा शव

देशनोक थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देशनोक की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

एक महीने में आधा दर्जन लोगों की डूबने से मौत

जिले में पानी में डूबने की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। पिछले एक महीने में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब आधा दर्जन लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है।

लूणकरणसर की कंवरसेन लिफ्ट नहर, कालू क्षेत्र की डिग्गी और पानी के कुंड में भी हाल ही में डूबने की घटनाएं सामने आई हैं।

प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि बच्चे और ग्रामीण गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से बचें।

Share: