Bikaner News: पटवारियों की हड़ताल की चेतावनी, 29 जुलाई को पेन डाउन आंदोलन का ऐलान

28 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। जिला पटवार संघ एवं भू-अभिलेख कानूनगो (गिरदावर) संघ, बीकानेर ने विभिन्न प्रशासनिक समस्याओं और कर्मचारियों के साथ हो रहे कथित दुर्व्यवहार को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मंगलवार तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो बुधवार, 29 जुलाई को जिले के सभी पटवारी जिला कार्यालय बीकानेर में पेन डाउन आंदोलन करते हुए कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।

प्रेस नोट के अनुसार संघ ने जिला कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख (एलआर) शाखा में पटवारियों एवं गिरदावरों के स्थानांतरण में कथित धांधली, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। संघ का कहना है कि इन परिस्थितियों से फील्ड कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।

संघ ने मांग की है कि भू-अभिलेख शाखा में कार्यरत कर्मचारी कमलेश पुरोहित का तत्काल स्थानांतरण किया जाए तथा कार्यालय और फील्ड कर्मचारियों के लिए पारदर्शी स्थानांतरण नीति लागू की जाए।

इसके अलावा संघ ने संभागीय आयुक्त द्वारा 10 जुलाई को जारी स्थानांतरण सूची की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने, संबंधित कर्मचारियों को शीघ्र कार्यमुक्त एवं कार्यग्रहण कराने तथा न्यायालय के स्थगन आदेशों (स्टे ऑर्डर) का नियमानुसार पालन करने की भी मांग रखी है।

संघ ने यह भी कहा कि राज्य सरकार के फॉलो-अप कैंप और रस्त गिरदावरी जैसे दोनों महत्वपूर्ण कार्य एक साथ कराना व्यवहारिक रूप से संभव नहीं है। इसलिए इस संबंध में स्पष्ट और व्यावहारिक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

पटवार संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 29 जुलाई को जिले के सभी पटवारी पेन डाउन आंदोलन करते हुए कार्य का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। संघ का कहना है कि ऐसी स्थिति में होने वाली असुविधा की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

Share: