रोहित गोदारा गैंग का साइबर कनेक्शन बेनकाब! बीकानेर पुलिस ने 2 आरोपी दबोचे, 50 लाख की ठगी का खुलासा

22 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

रोहित गोदारा गैंग का साइबर कनेक्शन बेनकाब! बीकानेर पुलिस ने 2 आरोपी दबोचे, 50 लाख की ठगी का खुलासा

बीकानेर। जिले में अपराधियों और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम को बैंक खातों के जरिए हासिल कर हवाला और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से गैंग के अन्य सदस्यों तक पहुंचाते थे। इस रकम का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों और अवैध हथियारों की खरीद में किए जाने की आशंका जताई गई है।

दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन और बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश के मार्गदर्शन में साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रामपुरा बस्ती निवासी संदीप स्वामी (32) और मुकेश बिश्नोई (28) को गिरफ्तार किया है।

ठगी की रकम को क्रिप्टो में बदलने का आरोप

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी से जुड़ी रकम अपने और गैंग के अन्य सदस्यों के बैंक खातों में लेते थे। इसके बाद क्लोन टूलकिट के जरिए रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदला जाता था।

पुलिस ने बताया कि हवाला के माध्यम से भी पैसा आगे भेजा जाता था। जांच एजेंसियां इसे ठगी के पैसों से अपराध को बढ़ावा देने वाला नेटवर्क मान रही हैं।

23 साइबर शिकायतें, 50 लाख का लेनदेन

जांच में गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों से जुड़े देशभर में 23 एनसीआरपी शिकायतें सामने आई हैं। इन खातों में करीब 50 लाख रुपये की साइबर ठगी की रकम का लेनदेन पाया गया है।

आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं केस

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार संदीप स्वामी के खिलाफ मारपीट, धोखाधड़ी, अपहरण, धमकी और अवैध हथियार से जुड़े मामले दर्ज हैं। वहीं मुकेश बिश्नोई के खिलाफ भी गंभीर आपराधिक मामले सामने आए हैं।

पुलिस ने लोगों से की अपील

बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी लालच में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की जांच कर रही है।

Share: