बीकानेर में अब किराना दुकान से भी भेज सकेंगे पार्सल! डाक विभाग की नई फ्रेंचाइजी स्कीम में कमाई का मौका

26 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में अब किराना दुकान से भी भेज सकेंगे पार्सल! डाक विभाग की नई फ्रेंचाइजी स्कीम में कमाई का मौका

बीकानेर। डाक विभाग ने ई-कॉमर्स और पार्सल सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू की है। विभाग जल्द ही ‘न्यू फ्रेंचाइजी स्कीम 2.0’ लागू करने जा रहा है। इसके तहत छोटे दुकानदार भी डाक विभाग की सेवाओं से जुड़कर अतिरिक्त आय कमा सकेंगे।

Advertisement

किराना और छोटे व्यापारी भी ले सकेंगे फ्रेंचाइजी

नई योजना के तहत किराना स्टोर, पान-परचून की दुकान, स्टेशनरी शॉप और अन्य छोटे व्यवसायी डाक विभाग की फ्रेंचाइजी लेकर स्पीड पोस्ट, पार्सल बुकिंग, डिलीवरी और पिकअप जैसी सेवाएं दे सकेंगे।

फ्रेंचाइजी व्यवस्था को आधुनिक APT 2.0 तकनीक से जोड़ा जाएगा, जिससे पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। इसमें बुकिंग, भुगतान और निगरानी ऑनलाइन की जाएगी।

फ्रेंचाइजी लेने के लिए योग्यता

व्यक्तिगत फ्रेंचाइजी लेने के लिए आवेदक का कम से कम 12वीं पास होना जरूरी होगा। वहीं केवल पार्सल डिलीवरी का काम करने वालों के लिए 10वीं पास योग्यता रखी गई है।

बुकिंग सेंटर के लिए कम से कम 50 वर्गफीट व्यावसायिक जगह, कंप्यूटर या स्मार्टफोन, इंटरनेट कनेक्शन, बारकोड स्कैनर और वजन मापने की मशीन जरूरी होगी।

5 हजार रुपये से शुरू होगी सिक्योरिटी

फ्रेंचाइजी लेने के लिए 5 हजार से 15 हजार रुपये तक की सिक्योरिटी राशि जमा करनी होगी। शुरुआती अनुबंध तीन साल का रहेगा, जिसे बेहतर प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ाया जा सकेगा।

फ्रेंचाइजी संचालकों को मिलेगा कमीशन

  • स्पीड पोस्ट दस्तावेज पर 7% से 30% तक कमीशन
  • पार्सल बुकिंग पर 5% से 25% तक कमीशन
  • 3 किलोग्राम तक पार्सल डिलीवरी पर 15 रुपये प्रति पार्सल
  • COD सेवाओं पर अतिरिक्त भुगतान

ऐसे करना होगा काम

फ्रेंचाइजी संचालक ग्राहकों के घर से पार्सल पिकअप करेंगे, स्पीड पोस्ट और पार्सल की बुकिंग कर उन्हें नजदीकी डाकघर में जमा करवाएंगे। डिलीवरी के लिए स्वयं के वाहन का उपयोग करना होगा।

पूरी प्रक्रिया डाक विभाग के मोबाइल ऐप और पोर्टल के जरिए ऑनलाइन संचालित होगी। हर ग्राहक को रसीद देना अनिवार्य होगा।

डाक विभाग की इस योजना से छोटे व्यापारियों को नया व्यवसायिक अवसर मिलने के साथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पार्सल सेवाएं भी आसान होने की उम्मीद है।

Advertisement
Share: