बीकानेर जा रही गर्भवती महिला का 108 एंबुलेंस में हुआ सुरक्षित प्रसव, ठुकरियासर के पास गूंजी नवजात की किलकारी

30 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर जा रही गर्भवती महिला का 108 एंबुलेंस में हुआ सुरक्षित प्रसव, ठुकरियासर के पास गूंजी नवजात की किलकारी

बीकानेर: चिकित्सा सेवाओं के प्रति सजगता और एंबुलेंस कर्मी की सूझबूझ का सराहनीय उदाहरण सामने आया है। मोमासर सीएचसी से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर की गई 20 वर्षीय गर्भवती महिला का रास्ते में ही 108 एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव करवाया गया। नवजात की किलकारी गूंजते ही परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई।

Advertisement

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गर्भवती महिला को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए मोमासर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बीकानेर पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया था। 108 एंबुलेंस के ईएमटी सुरेंद्र ढाका महिला को लेकर बीकानेर के लिए रवाना हुए।

ठुकरियासर के पास अचानक तेज हुई प्रसव पीड़ा

गुरुवार रात करीब 9 बजे ठुकरियासर गांव के पास महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। परिस्थिति को समझते हुए ईएमटी सुरेंद्र ढाका ने तत्परता और सूझबूझ दिखाई तथा एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाया।

ईएमटी सुरेंद्र ढाका के अनुसार, प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के बाद दोनों को वापस मोमासर सीएचसी पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती करवाया गया।

एंबुलेंस कर्मी की सूझबूझ से मिली राहत

रास्ते में आपात स्थिति के दौरान एंबुलेंस कर्मी की तत्परता से सुरक्षित प्रसव होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। इस घटना ने आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में एंबुलेंस कर्मियों की जिम्मेदारी और उनकी सूझबूझ को एक बार फिर सामने रखा है।

Aapni Awaj | बीकानेर समाचार

Advertisement
Share: