निजी स्कूल में देर रात तोड़फोड़ और आगजनी, 10 साल का रिकॉर्ड जलकर राख

28 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। शहर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी स्कूल में तोड़फोड़ और आगजनी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात बदमाश स्कूल में घुसकर वर्षों पुराना शैक्षणिक रिकॉर्ड और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलाकर फरार हो गए। घटना को लेकर स्कूल सचिव ने पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।

स्कूल में घुसकर की तोड़फोड़ और आगजनी

एफसीआई गोदाम रोड, इंद्रा कॉलोनी निवासी एवं स्कूल संचालक विजय सिंह पुत्र सुल्तान सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि 25 जुलाई 2026 को विद्यालय की छुट्टी के बाद चार-पांच अज्ञात लोग स्कूल परिसर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने स्कूल कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की और बाद में आग लगा दी।

10 साल का रिकॉर्ड जलकर राख

रिपोर्ट के अनुसार आगजनी में करीब 8 से 10 वर्षों का महत्वपूर्ण शैक्षणिक रिकॉर्ड पूरी तरह जल गया। इनमें माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की अंकतालिकाएं, पांचवीं, आठवीं, दसवीं और बारहवीं बोर्ड से संबंधित दस्तावेज, प्रवेश रजिस्टर, टीसी बुक, कैश बुक, लेजर बुक, ऑडिट रिपोर्ट सहित कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड शामिल हैं।

फर्नीचर, लैब सामग्री और परीक्षा कॉपियां भी जलीं

परिवादी ने बताया कि बदमाशों ने स्कूल कार्यालय का फर्नीचर, टेबल, मशीनें और विद्यार्थियों की प्रयोगशाला सामग्री भी क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दी। इसके अलावा बच्चों की परीक्षा कॉपियां और स्कूल द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली पुस्तकें भी आग में जल गईं।

मोबाइल भी गायब, लाखों का नुकसान

रिपोर्ट के अनुसार घटना में स्कूल को करीब ₹2.5 से ₹3 लाख का नुकसान हुआ है। साथ ही कार्यालय की दराज में रखा स्कूल सचिव का मोबाइल फोन भी गायब मिला। आरोप है कि बदमाशों ने पहले खिड़की की जाली तोड़ी, फिर एक छोटे बच्चे को अंदर भेजकर मुख्य दरवाजा खुलवाया और उसके बाद वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल योगेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Share: