बीकानेर में 4.29 लाख बच्चों को मिलेगी पोलियो की दो बूंद जिंदगी की, 1662 बूथों पर होगा टीकाकरण
बीकानेर। जिले के नौनिहालों को पोलियो वायरस से बचाने के लिए राष्ट्रीय पल्स पोलियो महाअभियान के तहत रविवार को बड़ा अभियान चलाया जाएगा। जिले में करीब 4 लाख 29 हजार 5 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके लिए पूरे जिले में 1662 पल्स पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को बाईवेलेंट पोलियो वैक्सीन की दो बूंद खुराक पिलाई जाएगी।
अस्पताल, स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगी व्यवस्था
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले की अस्पतालों, चुनिंदा आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाने की व्यवस्था की गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ यूपीएचसी फोर्ट डिस्पेंसरी के बूथ पर सुबह 9 बजे किया जाएगा।
6000 से ज्यादा वैक्सीनेटर्स संभालेंगे जिम्मेदारी
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़े स्तर पर तैयारी की है। जिले में:
- 1662 पोलियो बूथ
- 59 ट्रांजिट टीमें
- 67 मोबाइल टीमें
- 332 सुपरवाइजर
- 6000 से अधिक वैक्सीनेटर्स
इनकी मदद से जिले के सभी लक्षित बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाई जाएगी।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी रहेंगी टीमें
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत ने बताया कि प्रमुख बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर ट्रांजिट टीमें तैनात रहेंगी।
इसके अलावा ईंट भट्टों, स्लम बस्तियों, ढाणियों, घूमंतु परिवारों और निर्माण स्थलों जैसे हाई रिस्क क्षेत्रों में मोबाइल टीमों के जरिए बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।
जिले के 177 हाई रिस्क क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। अभियान में नर्सिंग कॉलेज, रोटरी क्लब, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्काउट गाइड और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।




