बीकानेर रेंज में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 790 जगह दबिश; 64 केस दर्ज, 66 आरोपी गिरफ्तार

27 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर रेंज में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 790 जगह दबिश; 66 आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बीकानेर रेंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 26 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने कुल 790 स्थानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 64 प्रकरण दर्ज किए गए और 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

Advertisement

चार जिलों में एक साथ हुई कार्रवाई

महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज के निर्देश और मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना, तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करना और युवाओं को नशे से दूर रखने के प्रयासों को मजबूत करना था। पुलिस ने एनडीपीएस मामलों में फरार चल रहे वांछित अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

बीकानेर जिले में 20 मामले दर्ज, 21 गिरफ्तार

बीकानेर जिले में पुलिस टीमों ने 125 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरण दर्ज कर 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा आठ फरार वांछितों के संबंध में भी कार्रवाई की गई।

श्रीगंगानगर में 17 मामले, 15 आरोपी गिरफ्तार

श्रीगंगानगर जिले में 271 स्थानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने 17 मामले दर्ज कर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही 11 फरार वांछितों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

हनुमानगढ़ में 22 आरोपी गिरफ्तार

हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने 233 स्थानों पर दबिश देकर एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरण दर्ज किए और 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 15 फरार वांछितों के साथ दो इनामी अपराधियों के संबंध में भी कार्रवाई की गई।

चूरू में सात मामले दर्ज, आठ आरोपी गिरफ्तार

चूरू जिले में 161 स्थानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान सात प्रकरण दर्ज कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त तीन फरार वांछितों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नशे के अवैध कारोबार पर कार्रवाई जारी रखने की बात

बीकानेर रेंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी अवैध कारोबार या तस्करी की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित करें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।

Aapni Awaj | बीकानेर रेंज

Advertisement
Share: