बीकानेर रेंज में नशा और हथियार तस्करी पर शिकंजा: 3 साल में 6,134 आरोपी गिरफ्तार, 40.52 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
बीकानेर रेंज पुलिस ने नशा तस्करी, अवैध हथियारों की सप्लाई और संगठित अपराध के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पिछले तीन साल में बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन में वर्ष 2024 से 31 अक्टूबर 2026 तक मादक पदार्थों के 4,528 मामले दर्ज कर 6,134 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, अवैध हथियारों के 1,365 मामलों में 1,465 आरोपी पकड़े गए। पुलिस ने तस्करी से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत 40.52 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति फ्रीज की है।
मादक पदार्थों के 4,528 मामले, 6,134 गिरफ्तार
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में मादक पदार्थों के 1,402 मामले दर्ज कर 1,871 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 23,680 किलो डोडा पोस्त, 200 किलो अफीम, 11.253 किलो हेरोइन, 308 किलो गांजा और 1.173 किलो एमडी बरामद की गई।
वर्ष 2025 में 1,545 मामलों में 2,185 आरोपी पकड़े गए। इनके कब्जे से 20,145 किलो डोडा पोस्त, 207 किलो अफीम, 20 किलो हेरोइन, 390 किलो गांजा और 15.398 किलो एमडी जब्त की गई।
वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक 1,581 मामलों में 2,078 गिरफ्तारियां हुईं। इस दौरान 9,619 किलो डोडा पोस्त, 166 किलो अफीम, 124 किलो हेरोइन, 238 किलो गांजा और 2.525 किलो एमडी बरामद की गई।
अवैध हथियारों के 1,365 मामलों में 1,465 आरोपी गिरफ्तार
अवैध हथियारों के खिलाफ वर्ष 2024 में 572 मामले दर्ज कर 595 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 448 हथियार और 1,234 कारतूस जब्त किए गए।
वर्ष 2025 में 419 मामलों में 455 आरोपी पकड़े गए। इस दौरान 417 हथियार और 1,227 कारतूस बरामद हुए।
वर्ष 2026 में 31 अक्टूबर तक 374 मामलों में 415 आरोपी गिरफ्तार किए गए। इनके कब्जे से 386 हथियार, 3,751 कारतूस और 105 मैगजीन जब्त की गईं।
ड्रोन से नशा और हथियार भेजने वाले नेटवर्क पर कार्रवाई
सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशा और हथियार भेजने वाले नेटवर्क के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। वर्ष 2024 में 24 मामलों में 68 आरोपी, वर्ष 2025 में 13 मामलों में 21 आरोपी और वर्ष 2026 में 30 मामलों में 72 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
इन कार्रवाइयों में कुल 178.924 किलो हेरोइन, 26 विदेशी पिस्टल, 44 मैगजीन, 760 कारतूस और नौ ड्रोन जब्त किए गए। इसके अलावा वाहन और मोबाइल भी जब्त किए गए।
तस्करी से अर्जित 40.52 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई करते हुए वर्ष 2024 में पांच कार्रवाइयों में 8.91 करोड़ रुपए, वर्ष 2025 में छह कार्रवाइयों में 7.39 करोड़ रुपए और वर्ष 2026 में 32 कार्रवाइयों में 24.22 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज की।
इस तरह कुल 43 कार्रवाइयों में 40.52 करोड़ रुपए की संपत्ति चिह्नित कर फ्रीज की गई। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में 55 कार्रवाइयों के जरिए 1.29 करोड़ रुपए और वर्ष 2026 में 33 कार्रवाइयों में 86.80 लाख रुपए की संपत्ति कुर्क की गई।
पिट एनडीपीएस के तहत 74 कार्रवाई
नशे के कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ पिट एनडीपीएस के तहत भी कार्रवाई की गई। वर्ष 2024 में 23, वर्ष 2025 में 18 और वर्ष 2026 में 33 कार्रवाई हुईं। तीन साल में इस प्रावधान के तहत कुल 74 कार्रवाई की गई।
अपराधियों पर शिकंजा जारी रहेगा
पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश ने कहा कि संगठित अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए धरपकड़ के साथ अपराध से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ओमप्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक, बीकानेर रेंज






