Bikaner News: बीकानेर-साबरमती ट्रेन को मिली हरी झंडी, बोले रेल मंत्री- जादूगरों को जादू करने दो, हम अपना काम कर रहे हैं

21 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

Bikaner News: बीकानेर-साबरमती ट्रेन को मिली हरी झंडी, बोले रेल मंत्री- जादूगरों को जादू करने दो, हम अपना काम कर रहे हैं

बीकानेर: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बीकानेर में बीकानेर-साबरमती रेगुलर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राजनीति के बजाय विकास कार्यों पर ध्यान दे रही है और जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम कर रही है।

मीडिया से बातचीत में रेल मंत्री ने कहा, "जादूगरों को जादू करने दो, हम अपना काम कर रहे हैं, हमें अपना काम करने दो।"

बीकानेर-अहमदाबाद के बीच रोज चलेगी ट्रेन

रेल मंत्री ने कहा कि लंबे समय से बीकानेर को अहमदाबाद से जोड़ने की मांग की जा रही थी। अब बीकानेर से साबरमती के लिए प्रतिदिन रेल सेवा शुरू कर दी गई है। इससे यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को सीधा फायदा मिलेगा।

नई ट्रेन सेवा से बीकानेर, नोखा, नागौर, जोधपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को अहमदाबाद तक आसान कनेक्टिविटी मिलेगी।

अनूपगढ़ और खाजूवाला तक रेल पहुंचाने की तैयारी

अश्विनी वैष्णव ने बताया कि बॉर्डर एरिया को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। देश की सीमाओं तक रेल सेवा पहुंचाने के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं।

इसी कड़ी में अनूपगढ़ और खाजूवाला तक रेल सेवा शुरू करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है।

कांग्रेस पर साधा निशाना

रेल मंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को अपने 60 वर्षों के कार्यकाल और मोदी सरकार के 12 वर्षों के काम की तुलना करनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में राजस्थान में जितना रेलवे विस्तार हुआ है, उतना पहले लंबे समय में नहीं हुआ था। रेलवे पटरियों के विस्तार, विद्युतीकरण और नई परियोजनाओं से प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिली है।

युवाओं के लिए बढ़ रहे अवसर

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए शिक्षा, तकनीक और रोजगार के क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है। भारत अब इलेक्ट्रॉनिक्स और रक्षा क्षेत्र में भी तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।

उन्होंने कहा कि भारत अब रेल इंजन का निर्यात भी कर रहा है और देश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Share: