बीकानेर में नशे के कारोबार पर वार! पुलिस ने दबोचा कुख्यात तस्कर, लाखों की MDMA बरामद

19 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में नशे के बड़े नेटवर्क पर वार! पुलिस ने दबोचा कुख्यात तस्कर, लाखों की MDMA बरामद

बीकानेर। जिले में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाखों रुपये कीमत का अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (MDMA) बरामद किया है। आरोपी पहले भी एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के मामलों में पुलिस के रडार पर रह चुका है।

पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश और जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सदर) अनुष्ठा कालिया के सुपरविजन तथा सदर थाना प्रभारी सुरेन्द्र पचार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुस्तफा उर्फ भाई खान (28), निवासी भूलकी बाड़ी के सामने, भूट्टों का बास, थाना सदर बीकानेर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अवैध एमडीएमए बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीला पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। साथ ही उसके पूरे नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से सदर थाने में एनडीपीएस एक्ट, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत जिले में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

Share: