बीकानेर. सदर थाना क्षेत्र की रथखाना कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष का मामला सामने आया है। आरोप है कि लोहे की रॉड और चाकू से किए गए हमले में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोहे की रॉड और चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार रथखाना कॉलोनी निवासी जितेंद्र पुत्र स्व. शंकरलाल रेगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे राहुल, प्रीतम, आदित्य, हिमांशु, दीपांशु सहित अन्य आरोपी एक राय होकर उसके साथ मारपीट करने लगे।
परिवादी का आरोप है कि शोर सुनकर उसका भाई प्रहलाद और भतीजा कार्तिक बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। प्रीतम ने लोहे की रॉड से प्रहलाद के सिर पर वार किया, जिससे गंभीर चोट आई। वहीं आदित्य ने चाकू से प्रहलाद की नाक पर हमला कर दिया। राहुल ने लोहे की रॉड से कार्तिक के सिर और प्रहलाद के हाथ पर वार किया, जिससे कार्तिक के सिर में चोट लगी और प्रहलाद का हाथ टूट गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक शिवकुमार कर रहे हैं।




