बीकानेर। बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत हिस्ट्रीशीटरों और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को एसपी के आदेश पर दो और अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी गई।
पुलिस ने गजनेर थाना क्षेत्र निवासी जमाल खां की हिस्ट्रीशीट खोली है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जमाल खां के खिलाफ चोरी, नकबजनी, अवैध हथियार रखने सहित कुल 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 11 मामलों में चालान न्यायालय में पेश किए जा चुके हैं।
वहीं कोटगेट थाना क्षेत्र निवासी मो. अनस की भी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। मो. अनस के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, आगजनी सहित 5 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इन सभी मामलों में भी पुलिस द्वारा चालान पेश किए जा चुके हैं।
बीकानेर पुलिस का कहना है कि जिले में आदतन अपराधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हिस्ट्रीशीट खोलने की कार्रवाई का उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




