बीकानेर में दो जगह चोरी, सूने मकान से 7 लाख नकदी और जेवरात पार

05 Nov 2026 BIKANER
Advertisement
बीकानेर में दो जगह चोरी, सूने मकान से 7 लाख नकदी और जेवरात पार | Aapni Awaj

बीकानेर में दो जगह चोरी, सूने मकान से 7 लाख नकदी और जेवरात पार

बीकानेर | Aapni Awaj

Advertisement

बीकानेर जिले में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अज्ञात चोरों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक सूने मकान और गोदाम को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वैशाली नगर में सूने मकान के ताले तोड़कर चोरी

पहली वारदात जेएनवीसी थाना क्षेत्र के वैशाली नगर में सामने आई। गुसाईसर निवासी चोरूलाल पुत्र भंवरलाल सोनी ने पुलिस को रिपोर्ट देकर बताया कि वह 1 नवंबर को परिवार सहित गांव गया हुआ था। पीछे से अज्ञात चोर मकान के ताले तोड़कर अंदर घुसे और कमरों में रखी करीब 7 लाख रुपये की नकदी सहित सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

रिपोर्ट के अनुसार चोरी गए सामान में सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, कड़ियां, झुमके और अंगूठियां शामिल हैं। इसके अलावा चांदी की लक्ष्मी, गणेश और कुबेर भगवान की मूर्तियां तथा चांदी के सिक्के भी चोरी हुए। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिव वैली के गोदाम से मोटर और पंखे चोरी

दूसरी वारदात गंगाशहर थाना क्षेत्र के शिव वैली में हुई। यहां स्थित एक गोदाम को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। शिव वैली निवासी सौरभ कुमार सुनिया पुत्र सुशील कुमार जैन ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 19 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे से सुबह 3:30 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति गोदाम में घुस गया।

आरोपी गोदाम से पानी की मोटर, छत के पंखे और अन्य सामान चोरी कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर गंगाशहर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई मदनलाल को सौंपी गई है।

लगातार चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता

जिले में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Aapni Awaj

राजस्थान की ताजा खबरों और स्थानीय समाचारों के लिए Aapni Awaj के साथ जुड़े रहें।

Advertisement
Share: