बीकानेर। जिले में बजरी, ग्रेवल, क्ले और सिलिका सहित अन्य अप्रधान खनिजों के परिवहन के दौरान कथित अवैध रॉयल्टी वसूली और ओवरलोडिंग को लेकर ट्रक ऑपरेटरों में आक्रोश बढ़ गया है।
समस्त ट्रक ऑपरेटर संगठन, बीकानेर ने कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषी ठेकेदार फर्म के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ट्रक ऑपरेटरों का आरोप है कि निर्धारित रॉयल्टी दर से अधिक राशि वसूली जा रही है। संगठन ने बताया कि 22 चक्का वाहन में 40 टन खनिज पर निर्धारित रॉयल्टी करीब 2720 रुपये बनती है, जबकि आरोप है कि कई वाहनों से 15 हजार रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि वाहनों को ओवरलोड खनिज भरने के लिए मजबूर किया जाता है और विरोध करने पर चालकों को नाके से आगे नहीं जाने दिया जाता।
ट्रक ऑपरेटरों ने हाडला और कोलायत क्षेत्र के वाहनों को कथित छूट देने, अवैध नाके संचालित करने और बाहरी लोगों से वसूली करवाने के आरोप भी लगाए हैं।
संगठन ने मंत्री सुमित गोदारा से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और नियमों के विपरीत कार्य करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।



