बीकानेर में निकली 630 मीटर लंबी पगड़ी वाली ‘वोट बारात’, राजस्थानी परंपरा से दिया मतदान का संदेश

21 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में निकली 630 मीटर लंबी पगड़ी वाली ‘वोट बारात’, राजस्थानी परंपरा से दिया मतदान का संदेश

बीकानेर। पंचायत चुनाव 2026 में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए बीकानेर में अनूठी पहल की गई। राजस्थानी संस्कृति और पारंपरिक विवाह समारोह की तर्ज पर बुधवार को ‘वोट बारात’ निकाली गई। इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण 630 मीटर लंबी पगड़ी पर मतदान जागरूकता का संदेश प्रदर्शित करना रहा। रोझा, फूलदेसर और सहनीवाला में आयोजित अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।

Advertisement

राजस्थानी परंपरा के जरिए मतदान का संदेश

जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत जैन के आदेशानुसार तथा स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे के दिशा-निर्देशन में मतदाता जागरूकता के लिए विभिन्न नवाचार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन कार्यालय के स्वीप प्रकोष्ठ और पंडित जी फाउंडेशन फॉर कल्चरल हेरिटेज ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में वोट बारात का आयोजन किया गया।

स्वीप सह प्रभारी एवं पीआरओ सुरेश बिश्नोई के अनुसार, अभियान का उद्देश्य ग्रामीण मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना और लोकतंत्र में जनभागीदारी बढ़ाना था। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

630 मीटर लंबी पगड़ी रही आकर्षण का केंद्र

पारंपरिक विवाह समारोह की तर्ज पर आयोजित वोट बारात में दूल्हा-दुल्हन, साफाधारी बाराती और हाथों में मतदान जागरूकता से जुड़े स्लोगन लिए प्रतिभागियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। 630 मीटर लंबी पगड़ी पर मतदान जागरूकता का संदेश प्रदर्शित कर राजस्थानी सांस्कृतिक विरासत को लोकतांत्रिक जागरूकता से जोड़ा गया।

ढोल-नगाड़ों के साथ गांवों से गुजरी वोट बारात

वोट बारात पंडित जी फाउंडेशन फॉर कल्चरल हेरिटेज ट्रस्ट के कार्यालय से ढोल-नगाड़ों के साथ रवाना हुई। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सजे प्रतिभागी मुख्य मार्गों से होते हुए रोझा, फूलदेसर और सहनीवाला की ओर बढ़े। बारात मुख्य टैक्सी स्टैंड पहुंची, जहां एक सभा आयोजित की गई।

मतदान के लिए दिलाई गई शपथ

सभा में स्वीप प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रशांत जोशी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को आगामी पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। प्रकोष्ठ के सह-समन्वयक गोपाल जोशी ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित लोगों को लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान करने की शपथ दिलाई।

मतदान अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी: स्वरूप पंचारिया

कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के संस्थापक स्वरूप पंचारिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि मतदान हमारा अधिकार होने के साथ-साथ लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक नागरिक को मतदान महोत्सव का हिस्सा बनकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।

सैकड़ों ग्रामीणों ने लिया भाग

कार्यक्रम की अध्यक्षता ईश्वरलाल पंचारिया ने की। इस दौरान स्वीप प्रकोष्ठ के सुधीर कुमार मिश्रा, प्रभात पड़िहार, किरण शर्मा और मोहन चोपड़ा सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन के माध्यम से पंचायत चुनाव में अधिकाधिक जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

Aapni Awaj | बीकानेर

Advertisement
Share: