बीकानेर के इस वार्ड में 2 साल से अधूरे पड़े विकास कार्य, भाजपा नेता ने निगम को दी चेतावनी

16 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर के वार्ड-79 में अधूरे सड़क, नाली और सीवरेज कार्यों पर उठे सवाल

बीकानेर। नगर निगम के वार्ड संख्या 79 में पिछले दो वर्षों से अधूरे पड़े सड़क, नाली और सीवरेज कार्यों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व पार्षद नरेंद्र सोलंकी ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि खजडावास मोहल्ला, मुंडिया माली मोहल्ला तथा एलनिंग स्कूल के पीछे सड़क और नाली निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व पार्षद ने बताया कि शनि मंदिर के पास स्थित कुम्हार मोहल्ले में अब तक सीवरेज कनेक्शन नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सड़कों और खुली नालियों में बह रहा है। इससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है और आमजन का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में आगामी धार्मिक आयोजनों का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने बताया कि एलनिंग स्कूल के पीछे स्थित शनि मंदिर और बाबा रामदेव मंदिर में जल्द ही बड़े धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होने हैं, जबकि खजडावास मोहल्ले में जन्माष्टमी का पर्व भी निकट है। ऐसे में समय रहते सड़क, नाली और सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है।

पूर्व पार्षद नरेंद्र सोलंकी ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर निरीक्षण कराया जाए और प्राथमिकता के आधार पर सभी अधूरे विकास कार्य जल्द पूरे करवाए जाएं, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके।

Share: