बीकानेर में फिर बदलेगा मौसम, 8-9 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट; किसानों के लिए राहत की खबर
बीकानेर। मानसून ट्रफ लाइन के उत्तर की ओर शिफ्ट होने के बाद बीकानेर संभाग में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 4 अगस्त से बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जबकि 8 और 9 अगस्त को कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने के संकेत हैं।
फिलहाल बीकानेर में मौसम सुहावना बना हुआ है। बारिश नहीं होने के बावजूद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सावन के महीने में अच्छी वर्षा की संभावना से खरीफ फसलों की बुवाई कर रहे किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मानसून ट्रफ लाइन का असर
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर परिसंचरण तंत्र के रूप में सक्रिय है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में मध्यम से कहीं-कहीं तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
4 से 8 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग का कहना है कि 4 और 5 अगस्त को उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 6 से 8 अगस्त के दौरान उत्तर-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है।
हालांकि दक्षिणी राजस्थान के जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों तथा पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने की संभावना जताई गई है।
8-9 अगस्त को भारी बारिश के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार बीकानेर-शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग में 8 और 9 अगस्त को अच्छी से भारी बारिश होने की संभावना है। इससे असिंचित क्षेत्रों में बारिश के भरोसे खेती कर रहे किसानों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।



