इंदिरा गांधी नहर में गिरे 55 वर्षीय बुधराम नायक का शव बरामद, घटनास्थल से एक किलोमीटर आगे मिला
बीकानेर | Aapni Awaj
बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी मुख्य नहर की 585 आरडी में शनिवार सुबह गिरे 55 वर्षीय बुधराम नायक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। बीकानेर एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाने के बाद सुबह करीब 9 बजे शव को बाहर निकाला। शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर आगे मिला।
थानाधिकारी नवनीत सिंह के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस को नहर की 585 आरडी के पास एक व्यक्ति की जूती और मोबाइल फोन पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सत्तासर के पूर्व सरपंच बरकत अली ने व्यक्ति की पहचान सत्तासर निवासी बुधराम नायक के रूप में की।
एसडीआरएफ ने चलाया सर्च अभियान
पहचान होने के बाद बीकानेर एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने नहर में तलाश शुरू की। शनिवार को दिनभर और रात तक तलाश जारी रही। आखिरकार रविवार सुबह करीब 9 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर आगे बुधराम नायक का शव मिल गया।
परिजन पूरी रात नहर किनारे करते रहे तलाश
पूर्व सरपंच बरकत अली ने बताया कि बुधराम नायक के परिजन पूरी रात नहर की पटरी पर उनकी तलाश में जुटे रहे। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में शोक छा गया।
पुलिस ने शव को छतरगढ़ सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बुधराम नायक किन परिस्थितियों में नहर में गिरे थे।






