खेत में पशु चराने को लेकर विवाद, मारपीट और जातिसूचक गालियों का आरोप; 3 पर केस
छतरगढ़ (बीकानेर): छतरगढ़ थाना क्षेत्र में खेत में पशु चराने की बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार संसारदेसर निवासी 34 वर्षीय दलीपचंद पुत्र स्वर्गीय बिरबलराम मेघवाल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पशु चराने की बात पर हुआ विवाद
परिवादी ने बताया कि 16 जून की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने खेत में मौजूद था। इसी दौरान पशु चराने की बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया।
आरोप है कि करनैल सिंह पुत्र प्रीतम सिंह, मंगासिंह तथा बलविंदर सिंह पुत्र करनैल सिंह निवासी 03 डब्ल्यूएसएम छतरगढ़ ने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 126(2), 3(5) तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं 3(1)(आर), 3(1)(एस), 3(2)(वीए) के तहत मामला दर्ज किया है।
जांच आरपीएस अधिकारी को सौंपी
मामले की जांच आरपीएस अधिकारी गौरव सारस्वत को सौंपी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




