छतरगढ़ में सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की मौत, पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
छतरगढ़ (बीकानेर)। थाना क्षेत्र के 465 आरडी इलाके में गुरुद्वारे के पास बुधवार रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की मौत हो गई। घायल ने बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
हनुमानगढ़ जिले के निवासी थे राजेंद्र सिल्लू
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 36 वर्षीय राजेंद्र सिल्लू निवासी मोहन मगरिया, जिला हनुमानगढ़ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र 465 आरडी क्षेत्र में श्रीराम पेस्टिसाइड्स के नाम से दुकान भी संचालित करते थे।
सिर में गंभीर चोट लगने पर बीकानेर रेफर किया
जानकारी के मुताबिक, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद राजेंद्र को उपचार के लिए छतरगढ़ के सरकारी अस्पताल लाया गया था। उनके सिर में गहरी चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
उपचार के दौरान हुई मौत
पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में राजेंद्र का उपचार चल रहा था। देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें अन्य कोई वाहन शामिल था या नहीं, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Aapni Awaj | बीकानेर






