कृषि कार्य के दौरान हुआ हादसा: ट्रैक्टर पलटने से बुजुर्ग की मौत

31 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

छत्तरगढ़। बीकानेर जिले के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र के सादोलाई गांव में शुक्रवार सुबह खेत में कृषि कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर पलटने से उसके नीचे दबकर एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार 31 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे किसान ईश्वर सिंह (65 वर्ष) अपने खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे में ईश्वर सिंह ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर छत्तरगढ़ राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द करेगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share: