बीकानेर में दिनदहाड़े तिहरा हत्याकांड! रिश्ते के विवाद में 3 की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

16 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

छतरगढ़ के सुरजनवाली गांव में तिहरा हत्याकांड, रिश्ते के विवाद में तीन की मौत

बीकानेर। छतरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरजनवाली गांव में गुरुवार दोपहर हुई खूनी वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। तेजधार हथियारों से हुए हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार छतरगढ़ के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अली शेर (60 वर्ष), जिंदू पुत्र याकूब (55 वर्ष) तथा करीम पुत्र जिंदू (25 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं नेबू (35 वर्ष) गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में घटना का कारण बच्चों के रिश्ते को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार जिंदू और करीम को विवाद की जानकारी तक नहीं थी। दोनों खारवाली गांव से सुरजनवाली गांव में मारम खां की तबीयत पूछने पहुंचे थे। इसी दौरान बाहर पहले से मौजूद आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।

आरोप है कि नबी खां तथा उसके पुत्र रहमत अली, अकरम खां, सिकंदर खां, गफूर खां और माशूक खां ने मिलकर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही छतरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर नियंत्रण किया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। समाचार लिखे जाने तक एक आरोपी को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है। मामले की जांच जारी है।

Share: