पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान हेड कॉन्स्टेबल को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में तोड़ा दम

03 Nov 2026 BIKANER
Advertisement

पंचायत चुनाव ड्यूटी के दौरान हेड कॉन्स्टेबल को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में तोड़ा दम

चूरू: पंचायतीराज चुनाव के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना सोमवार रात राजगढ़ पंचायत समिति के ढंढाल लेखु गांव की है। यहां चुनावी ड्यूटी कर रहे हेड कॉन्स्टेबल भंवरलाल कुलड़िया की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल राजगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

Advertisement

खाना खाते समय अचानक बिगड़ी तबीयत

जानकारी के अनुसार तारानगर तहसील के देवगढ़ गांव निवासी भंवरलाल कुलड़िया राजगढ़ थाने में ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। पंचायत चुनाव के मद्देनजर उनकी ड्यूटी राजगढ़ पंचायत समिति के ढंढाल लेखु गांव में लगाई गई थी। सोमवार रात ड्यूटी के दौरान खाना खाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें घबराहट महसूस हुई और कुछ ही देर में हालत गंभीर हो गई।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल राजगढ़ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार हार्ट अटैक के चलते उनकी मौत हुई।

पुलिस महकमे में शोक की लहर

हेड कॉन्स्टेबल भंवरलाल कुलड़िया के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। राजगढ़ थाने के पुलिसकर्मियों सहित चूरू जिले के पुलिस विभाग में दुख का माहौल है। पुलिस ने शव को राजगढ़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

Advertisement
Share: