बीकानेर। गजनेर क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन से जुड़े घटनाक्रम में दो स्कूली छात्र घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घटना 21 जुलाई 2026 की है। हालांकि, इस मामले में समाचार लिखे जाने तक पुलिस थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
मानसर उतरना था, वाहन नहीं रुका
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानसर गांव निवासी दो छात्र गजनेर स्थित स्कूल से छुट्टी के बाद बोलेरो वाहन में सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। छात्रों ने चालक को मानसर में उतारने के लिए कहा था, लेकिन आरोप है कि चालक ने वाहन नहीं रोका और आगे बढ़ता रहा।
चलती बोलेरो से कूदे दोनों छात्र
बताया जा रहा है कि वाहन नहीं रुकने पर दोनों छात्र चलती बोलेरो से कूद गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायलों की पहचान नूर मोहम्मद एवं असगर खान, दोनों पिता शरीफ खां भूड़, निवासी मानसर के रूप में हुई है।
सफेद बोलेरो बताई जा रही, चालक फरार
जानकारी के अनुसार घटना में शामिल वाहन सफेद रंग की बोलेरो थी। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त बोलेरो को बाद में नोखा-दैया क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों में भी देखा गया है।
अब तक पुलिस में शिकायत नहीं
इस मामले में अब तक किसी भी पुलिस थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। इसलिए पुलिस की ओर से घटना की पुष्टि या किसी प्रकार की कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत दर्ज होने के बाद ही मामले की आधिकारिक जांच शुरू होगी।



