गजनेर में पंचायत के दौरान दोनों पक्ष भिड़े, लाठी-पाइप से हमला और तोड़फोड़ के आरोप

01 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

गजनेर में पंचायत के दौरान दोनों पक्ष भिड़े, लाठी-पाइप से हमला और तोड़फोड़ के आरोप

गजनेर। गजनेर थाना क्षेत्र के आरडी 837 में आपसी विवाद को लेकर चल रही पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, पाइप, सैला, बरछी और अन्य हथियारों से हमला करने, वाहनों व सामान में तोड़फोड़ करने तथा नकदी और सामान ले जाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

पहले पक्ष ने लगाए मारपीट और बाइक तोड़ने के आरोप

पुलिस के अनुसार दिलीप सिंह पुत्र करणीसिंह राजपूत, निवासी अगनेऊ ने रिपोर्ट दी है। वर्तमान में वह पीबीएम अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड में उपचाराधीन है। रिपोर्ट में बताया गया कि पहले हुई धक्का-मुक्की और कहासुनी को लेकर 30 सितंबर को पंचायत चल रही थी। इसी दौरान आरोपित पक्ष के लोग कथित रूप से लाठी, सैला, पाइप और बरछी लेकर पहुंचे और परिवादी व उसके भाइयों पर हमला कर दिया।

परिवादी के अनुसार मारपीट के दौरान दुकान के आगे खड़ी उसकी मोटरसाइकिल सहित दो अन्य मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ की गई। मोबाइल फोन ले जाने का आरोप भी लगाया गया है। मामले में लेखराम, भवानी, पवन, राहुल और अमरचंद निवासी खाजूवाला सहित 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।

दूसरे पक्ष ने फैक्ट्री में तोड़फोड़ का लगाया आरोप

दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को रिपोर्ट दी गई है। इसमें आरोप लगाया गया कि पंचायत के लिए पहुंचे परिवार के साथ मारपीट की गई और लाठी, कुल्हाड़ी सहित अन्य सामान से हमला किया गया। इसके बाद हमलावर फैक्ट्री में घुस गए और तंदूर, बर्तन, खिड़कियां, टीवी, कैमरे सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की। पिकअप वाहन को क्षतिग्रस्त करने का आरोप भी लगाया गया है।

रिपोर्ट में कमरे में घुसकर मारपीट करने, चांदी की चेन तोड़कर ले जाने तथा काउंटर से करीब 60 हजार रुपये ले जाने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में दिलीप सिंह, बीरू, मान सिंह, खीव सिंह, महेंद्र सिंह, राम सिंह, शिव कुमार कुम्हार, नरेश सिंह भाटी सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।

पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस मुकदमे

दोनों पक्षों की रिपोर्ट के आधार पर गजनेर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में क्रॉस मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस दोनों मामलों में मारपीट, तोड़फोड़, वाहन क्षति, नकदी और सामान ले जाने के आरोपों की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: