मेघवाल बोले- रिमोट कंट्रोल वाला नहीं, योग्य बने जिला प्रमुख; किसानों के पानी पर उठाए सवाल

13 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। पूर्व मंत्री गोविन्दराम मेघवाल ने कहा कि जिला प्रमुख ऐसा होना चाहिए जो रिमोट कंट्रोल से नहीं, बल्कि अपनी योग्यता के आधार पर काम करे। इससे जिले में विकास कार्यों को गति मिल सकेगी। अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में मेघवाल ने पंचायत चुनाव, किसानों की पानी संबंधी समस्याओं और कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर अपनी बात रखी। उन्होंने जिला परिषद की 30 सीटों पर जीत का दावा भी किया।

Advertisement

योग्य जिला प्रमुख बनाने की पैरवी

मेघवाल ने कहा कि जिला प्रमुख पद पर ऐसे व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलनी चाहिए, जो अपनी योग्यता के आधार पर निर्णय लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा सके। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस जिला परिषद की 30 सीटों पर जीत हासिल करेगी।

किसानों को पानी नहीं मिलने का मुद्दा उठाया

पूर्व मंत्री ने खाजूवाला, रावला और घड़साना सहित ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की समस्याओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों की फसलें खराब हो रही हैं और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। उनके अनुसार, किसानों को पांच बारी पानी देने की बात से भी किसानों में नाराजगी है।

मेघवाल ने कहा कि बीकानेर संभाग के किसान अपने हिस्से के पानी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। खाजूवाला, घड़साना और अनूपगढ़ क्षेत्र में मंडियां बंद रहने और व्यापार प्रभावित होने से किसानों तथा व्यापारियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सरकार से किसानों की आठ रोजा बारी से पानी देने की मांग पर गंभीरता से विचार कर न्यायसंगत समाधान निकालने की अपील की।

मंगलवार को नाल में सभा करेंगे पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत

मेघवाल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को नाल में जनसभा को संबोधित करेंगे। पंचायत राज सम्मेलन के माध्यम से वे पंचायत चुनावों को लेकर कांग्रेस का पक्ष रखेंगे और भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाएंगे।

मेघवाल के अनुसार, सम्मेलन में बीकानेर जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता, पंचायतीराज जनप्रतिनिधि, किसान, युवा और आमजन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दे उठाए जाएंगे।

भाजपा के पास उम्मीदवार नहीं होने का दावा

मेघवाल ने दावा किया कि कांग्रेस में एक-एक वार्ड से तीन-तीन उम्मीदवार टिकट की मांग कर रहे हैं, जबकि भाजपा को प्रत्याशी तलाशने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पंचायत चुनावों में जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएगी।

अपने परिवार से चुनाव लड़ने के सवाल पर मेघवाल ने कहा कि इस बारे में अंतिम निर्णय मंगलवार तक लिया जाएगा। उन्होंने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया कि उनके परिवार से कौन और कहां से चुनाव लड़ेगा।

डूडी परिवार पर टिप्पणी से किया इनकार

पूर्व मंत्री ने डूडी और उनके परिवार को लेकर टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने डूडी को कांग्रेस का वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने जिले में पार्टी को मजबूत करने के लिए काम किया है।

मेघवाल ने कहा कि नोखा में विधायक सुशीला डूडी से रायशुमारी के आधार पर टिकट वितरण किया जाएगा और इसमें उनकी दखलंदाजी नहीं होगी।

Advertisement
Share: