जयपुर गया परिवार, पीछे सूने मकान में चोरी; सोना-चांदी और 55 हजार रुपए ले गए चोर
बीकानेर। जेएनवीसी थाना क्षेत्र के केशव नगर, शिवबाड़ी में सूने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर खिड़की के रास्ते मकान में घुसे और अलमारी व लॉकर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, 55 हजार रुपए नकद सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। परिवार मेडिकल इमरजेंसी के चलते जयपुर गया हुआ था।
खिड़की से घर में घुसे चोर
पुलिस के अनुसार केशव नगर निवासी करणीसिंह राठौड़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि मकान उनकी बड़ी बहन कुसुम राठौड़ के नाम है। उनके माता-पिता पिछले कुछ दिनों से मेडिकल इमरजेंसी के कारण जयपुर गए हुए थे और मकान की देखरेख की जिम्मेदारी उनके पास थी।
4 अक्टूबर की सुबह मकान पर पहुंचने पर सभी ताले टूटे मिले। एक खिड़की का कांच भी टूटा हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार चोरों ने खिड़की से कूलर हटाकर कमरे में प्रवेश किया और अलमारी व लॉकर के ताले तोड़ दिए। संदूकों के ताले भी टूटे मिले। डबल बेड के अंदर रखा सामान भी चोरी होने की बात सामने आई है।
सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी
परिजनों द्वारा सामान की जांच करने पर करीब 1.5 तोला सोना, जिसमें दो पूंची-बंगड़ी और आठ नाके की लौंग, करीब 400 ग्राम की दो चांदी की पायल, दो चांदी के गिलास और 55 हजार रुपए नकद चोरी होने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा पानी की मोटर, बच्ची की साइकिल, पानी की टंकियां, राजपूती पोशाकें, दो साड़ियां, 32 इंच की एलईडी टीवी, लैपटॉप और चांदी की महंगी पोशाक भी चोरी होने की रिपोर्ट में बताया गया है।
सीसीटीवी कैमरों से चोरों की तलाश
सूचना मिलने पर जेएनवीसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई जयप्रकाश बेनीवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोटो और वीडियो बनाए। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच एएसआई विजय सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।






