NH-48 पर तड़के भीषण हादसा! पुलिया तोड़कर नीचे गिरे ट्रक-पिकअप, केमिकल से भरे ट्रक में लगी आग

18 Aug 2026 STATE
Advertisement

जयपुर/कोटपूतली-बहरोड़। राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मंगलवार तड़के नेशनल हाईवे-48 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। बागावास अहिरान पुलिया पर ट्रक ने आगे चल रही पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन पुलिया को तोड़ते हुए नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे। हादसे के बाद केमिकल से भरे ट्रक में आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा।

Advertisement

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पिकअप चालक वाहन में फंस गया था, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है।

सुबह करीब 5 बजे हुआ भीषण हादसा

जानकारी के अनुसार दोनों वाहन दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बागावास अहिरान पुलिया पर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों वाहन पुलिया को तोड़ते हुए सर्विस रोड पर जा गिरे।

केमिकल से भरे ट्रक में लगी आग

हादसे के कुछ देर बाद केमिकल से भरे ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। आग की लपटें काफी दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस ने दमकल विभाग को जानकारी दी। इसके बाद कोटपूतली, पावटा और शाहपुरा से तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

ट्रक में केमिकल भरा होने के कारण आग बुझाने में दमकलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार प्रयास के बाद करीब तीन घंटे की मशक्कत से तीन दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

पिकअप चालक वाहन में फंसा, अस्पताल में भर्ती

टक्कर के कारण पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका चालक वाहन के अंदर फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को पावटा के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

भीषण हादसे और ट्रक में लगी आग के चलते हाईवे और सर्विस रोड पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश के साथ हादसे की परिस्थितियों और वाहनों की स्थिति की भी जांच कर रही है।

Share: