राजस्थान में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट! कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी

12 Aug 2026 STATE
Advertisement

राजस्थान में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट! कई जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश में अगले 48 घंटे तक कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार कम दबाव का क्षेत्र मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के ऊपर बना हुआ है, जबकि मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर से होते हुए कम दबाव वाले क्षेत्र तक गुजर रही है। इसके प्रभाव से राजस्थान में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है।

कई संभागों में तेज बारिश की संभावना

मंगलवार को कोटा, उदयपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश भी दर्ज की गई। वहीं भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कई जगह मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 12 अगस्त को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है।

बूंदी में 145 MM बारिश, कई जिलों में भी जमकर बरसे बादल

बीते 24 घंटे में राजस्थान के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बूंदी में 145 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा अंता-बारां में 98, नैनवा में 69 और डीडवाना-कुचामन में 73 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई।

जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार चित्तौड़गढ़ के डूंगला में 77, उदयपुर के कुराबाद में 60, डीडवाना-कुचामन के परबतसर में 58 और सवाईमाधोपुर के बामनवास में 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। डूंगला में भी भारी बारिश हुई।

13 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में आएगी कमी

मौसम केन्द्र के अनुसार 13 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी। हालांकि पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग में बारिश की गतिविधियां कमजोर होने की संभावना है। वहीं 15 अगस्त से उत्तर और उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं।

भारी बारिश के अलर्ट के चलते मुख्यमंत्री का दौरा निरस्त

भारी बारिश की चेतावनी के चलते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बांसवाड़ा में प्रस्तावित दौरा भी निरस्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट के बाद अंतिम समय में कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर लगाए गए टेंट, फ्लेक्स और अन्य व्यवस्थाओं पर करीब 50 लाख रुपए से अधिक खर्च होने की जानकारी सामने आई है। कार्यक्रम में करीब 5 हजार लोगों की क्षमता के लिए 450 वर्ग मीटर का वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया था।

पंडाल में दो बड़े एसी और 10 से अधिक कूलर भी लगाए गए थे। मंगलवार को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं आने की सूचना स्पष्ट होने के बाद टेंट कर्मचारियों ने कुर्सियां समेटनी शुरू कर दीं और पंडाल का मंच भी हटा दिया गया।

रात्रि चौपाल की तैयारियां भी प्रभावित

इधर, बिलोदा ग्राम पंचायत में एक समाज के नोहरे में रात्रि चौपाल के लिए भी मंच तैयार किया गया था। मुख्यमंत्री के दौरे के निरस्त होने के बाद इन तैयारियों पर भी असर पड़ा।

राजस्थान में अगले 48 घंटे बारिश के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। ऐसे में भारी बारिश वाले क्षेत्रों में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन की ओर से जारी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Share: