रातों-रात लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी! घर से नकदी-जेवर भी गायब, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
जसरासर. जसरासर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए एक युवक पर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि 16 जुलाई की रात परिवार के सभी सदस्य ढाणी में सो रहे थे। देर रात जब परिजन जागे तो किशोरी घर पर नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्र और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
रिपोर्ट में बताया गया है कि किशोरी अपने साथ घर से कुछ नकदी तथा सोने-चांदी के आभूषण भी ले गई। परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का संदेह जताया है।
जसरासर थाना पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी की तलाश के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।




