खाजूवाला। बीकानेर जिले के खाजूवाला तहसील कार्यालय में फर्जी रजिस्ट्री का बड़ा मामला सामने आया है। मृत व्यक्ति को जीवित दर्शाकर उसकी 50 बीघा जमीन बेचने की कथित साजिश का खुलासा होने के बाद तहसीलदार की रिपोर्ट पर खाजूवाला थाने में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मृत व्यक्ति को जीवित दिखाकर रजिस्ट्री कराने का आरोप
जानकारी के अनुसार चक 6 बीजीएम स्थित 50 बीघा भूमि की दो रजिस्ट्रियां तहसीलदार के समक्ष प्रस्तुत की गई थीं। इस दौरान मृतक के वारिसों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए बताया कि वास्तविक जमीन मालिक की पहले ही मृत्यु हो चुकी है।
फर्जी दस्तावेजों से किया गया प्रतिरूपण
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कथित रूप से फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार कर मृत व्यक्ति का प्रतिरूपण करते हुए जमीन की रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया गया। मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार हरिश कुमार टाक ने खाजूवाला थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने खरीदार वेदप्रकाश बिश्नोई, कथित विक्रेता दानाराम भाट तथा गवाह राउराम भाट और अन्नाराम भाट के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
जांच जारी
मामले की जांच उपनिरीक्षक (SI) कोहरसिंह कर रहे हैं। पुलिस पूरे फर्जीवाड़े की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।




