खाजूवाला में जवाई ने साथियों के साथ मिलकर ससुर के घर से उड़ाए 22 लाख, तीन गिरफ्तार
खाजूवाला। कहते हैं "घर का भेदी लंका ढहाए", यह कहावत खाजूवाला में चोरी के एक मामले में सच साबित हुई। पुलिस ने ससुर के घर से लाखों रुपये चोरी करने के मामले में जवाई सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
संदूक में रखे 22 लाख रुपये किए थे चोरी
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घर के संदूक में रखी करीब 22 लाख रुपये की नकदी चोरी की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, 13.35 लाख बरामद
खाजूवाला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जवाई सोहनलाल, 20 बीडी निवासी बूटा सिंह और दुलीचंद नायक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 13.35 लाख रुपये की राशि बरामद कर ली है।
पुलिस कर रही पूछताछ
मामले में अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपियों से चोरी की रकम और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ जारी है।
एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में खाजूवाला पुलिस को सफलता मिली है। मामले की जांच एएसआई श्रवण कुमार कर रहे हैं।




