श्रीकोलायत तहसील कार्यालय में भूमि रूपांतरण की सैकड़ों फाइलें अटकीं, एक महीने से लोग परेशान
श्रीकोलायत। तहसील कार्यालय में भूमि रूपांतरण से जुड़ी सैकड़ों पत्रावलियां पिछले करीब एक महीने से लंबित होने का मामला सामने आया है। नायब तहसीलदार की भूमि रूपांतरण संबंधी आईडी मैप नहीं होने के कारण कन्वर्जन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इससे आमजन के साथ-साथ उद्योगों से जुड़े कई प्रकरण भी अटके हुए बताए जा रहे हैं।
भूमि रूपांतरण की उम्मीद में आवेदन करने वाले लोग लगातार तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते फाइलों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इससे निर्माण कार्य, निवेश योजनाएं और अन्य राजस्व संबंधी प्रक्रियाएं भी प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
एक महीने से समाधान का इंतजार
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या तकनीकी या प्रशासनिक होने के बावजूद अब तक इसका समाधान नहीं हो पाया है। वहीं लंबित पत्रावलियों की वास्तविक संख्या और उनके निस्तारण की समय सीमा को लेकर भी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
इस संबंध में प्रभात सिंह भाटी ने बताया कि जिले के उच्च अधिकारियों सहित विधायक को भी समस्या से अवगत करवाया गया है।
चुनावी कार्यों के कारण भी आ रही दिक्कत
उपखंड अधिकारी राजेश नायक ने बताया कि भूमि रूपांतरण प्रक्रिया में तकनीकी खामियों और चुनावी कार्यों के कारण दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने कहा कि समस्या के शीघ्र समाधान होने की संभावना है और संबंधित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
अब लोगों को लंबित पत्रावलियों के निस्तारण और भूमि रूपांतरण प्रक्रिया सामान्य होने का इंतजार है।
Aapni Awaj | बीकानेर की स्थानीय खबरें






